लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के विरोध के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन राव भागवत को बदनाम करने की साजिश सामने आई है। अराजकतत्वों ने उनके नाम और फोटो का प्रयोग कर संविधान की संरचना का मखौल उड़ाते हुए 'नया संविधान' नाम से एक लेख वायरल किया है। लेख में आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी हैै। संघ पदाधिकारियों ने हजरतगंज और गोमतीनगर थाने में दो एफआइआर दर्ज कराई हैं।
'नया भारतीय संविधान' शीर्षक से सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे लेख को संघ प्रमुख की ओर से लिखित बताया जा रहा है जबकि संघ कार्यालय ने इस तरह के किसी भी संदेश की जानकारी से इन्कार किया है। दरअसल, जिस ढंग से आपत्तिजनक लेख लिखा गया है, पुलिस भी मौजूदा माहौल को बिगाडऩे की बड़ी साजिश के रूप में देख रही है। इसमें सिर्फ एक जाति को महिमामंडित करते हुए शेष को उकसाने का प्रयास किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद इस बात की जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे भारत विरोधी तत्वों की संलिप्तता तो नहीं है।