युवा कांग्रेस ने जन्म दिन पर कर्पूरी ठाकुर को किया नमन्


बस्ती।  जन नायक कर्पूरी ठाकुर को उनके 96 वें जन्म दिन पर याद किया गया। युवा कांग्रेस बस्ती सदर विधानसभा उपाध्यक्ष पवन वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय पर शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य त्रिपाठी ने  कहा कि कर्पूरी ठाकुर  देशी मिजाज के राजनेता थे जिन्हें न पद का लोभ था, न उसकी लालसा और जब कुर्सी मिली भी तो उन्होंने कभी उसका न तो धौंस दिखाया और न ही उसका तामझाम। मुख्यमंत्री रहते हुए सार्वजनिक जीवन में ऐसे कई उदाहरण हैं जब उन्होंने कई मौकों पर सादगी की अनूठी मिसाल पेश की। भारतीय राजनीति में ऐसे विलक्षण राजनेता कम ही मिलते हैं। शायद इसीलिए कर्पूरी ठाकुर को सिर्फ नायक नहीं अपितु जननायक कहा गया।
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव संदीप श्रीवास्तव और सचिन शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षक, राजनीतिज्ञ तथा बिहार राज्य के दूसरे उपमुख्यमंत्री और दो बार मुख्यमंत्री रह चुके कर्पूरी ठाकुर का जन्म भारत में ब्रिटिश शासन काल के दौरान समस्तीपुर के एक गाँव पितौंझिया, जिसे अब कर्पूरीग्राम कहा जाता है, में हुआ ।  भारत छोड़ो आन्दोलन के समय उन्होंने 26  महीने जेल में बिताए थे। उनकी जड़ें जनता-जनार्दन के बीच गहरी थीं। तब संचार के इतने सशक्त माध्यम नहीं थे। बावजूद इसके कोई घटना होने पर वह सबसे पहले उनके बीच पहुंचते थे। यह जनता के बीच उनकी गहरी पैठ और आपसी सामंजस्य का प्रतिफल था। वो हमेशा जनता की बेहतरी के लिए प्रयत्नशील रहे।
आयोजक पवन वर्मा ने आगन्तुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुये कर्पूरी ठाकुर के जीवन संघर्ष और उदेदेश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वीरेन्द्र कुमार ‘प्रभु’ गप्पू ठाकुर, अंकित कुमार वर्मा, विश्वनाथ चौधरी,  दुर्गेश त्रिपाठी, पंकज दूबे, आशुतोष श्रीवास्तव, इन्द्रपाल सिंह, विक्रम चौहान, अरूण कुमार, अभिषेक कुमार, दीपक कुमार, विकास निषाद, पंकज यादव, ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, अमन श्रीवास्तव, पंकज गौतम, शिवाकान्त, लवकुश गुप्ता, सत्येन्द्र कुमार मिश्रा, देवानन्द सरीन, इजहार अहमद, अमित कुमार, विशाल चौधरी, सुनील ठाकुर, राजू ठाकुर, अनिल ठाकुर, रंगीलाल ठाकुर, अनुज ठाकुर, हनुमन्त वर्मा  आदि उपस्थित रहे।